प्रभारी कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में हुआ आयोजन उमरिया 20 अक्टूबर। विजयादशमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन उमरिया में शस्त्र पूजन कार्यक्रम श्रद्धा एवं परंपरागत विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रभारी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर शस्त्रों का पूजन कर सुख, शांति, समृद्धि एवं राष्ट्र की सुरक्षा की कामना की गई। प्रभारी कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत श्री अभय सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति में शस्त्र पूजन शक्ति, साहस और सुरक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। विजयादशमी का पर्व हमें राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के माध्यम से सभी ने समाज में शांति, सद्भाव और सुरक्षा बनाए रखने तथा राष्ट्र की सेवा के प्रति अपने संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार भागवानी ने कहा कि विजयादशमी केवल उत्सव नहीं, बल्कि धर्म की स्थापना, अन्याय के प्रतिकार और सत्य की विजय का संदेश देने वाला पर्व है। शस्त्र पूजन की परंपरा शौर्य, साहस और कर्तव्यबोध का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का दायित्व समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अलोक कुमार शर्मा, नगर निरीक्षक थाना कोतवाली सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
विजयादशमी के अवसर पर पुलिस लाइन उमरिया में शस्त्र पूजन कार्यक्रम सम्पन्न
बिंदास भारत डेस्क · 20 अक्टूबर 2026 · 2 मिनट
