मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन सीधी के संयुक्त सहयोग से 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक नगाड़ा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। जनपद पंचायत कुसमी अंतर्गत पी.एम.श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, टमसार में प्रतिदिन शाम 7 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। उत्सव में मध्यप्रदेश सहित हरियाणा, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, झारखंड, महाराष्ट्र, केरल और ओडिशा के पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

24 अक्टूबर को इन लोकनृत्यों की प्रस्तुति

उत्सव के प्रथम दिन मध्यप्रदेश के तालकचहरी, गुदुमबाजा एवं घसियाबाजा नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ हरियाणा का बनचारी नृत्य, छत्तीसगढ़ का गौर नृत्य और कर्नाटक का ढोलुकुनीथा नृत्य भी दर्शकों को देखने मिलेगा।

25 अक्टूबर को आठ राज्यों की सांस्कृतिक झलक

दूसरे दिन मध्यप्रदेश के गुदुमबाजा एवं भड़म नृत्य के साथ हरियाणा का बनचारी, झारखंड का उरांव, छत्तीसगढ़ का गौर, महाराष्ट्र का लेझिम, कर्नाटक का ढोलुकुनीथा, केरल का चेंडा मेलम और ओडिशा का दुलदुली नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।

26 अक्टूबर को होगा उत्सव का समापन

उत्सव के अंतिम दिन मध्यप्रदेश के भड़म, तालकचहरी एवं गुदुमबाजा नृत्य के साथ झारखंड का उरांव, महाराष्ट्र का लेझिम, केरल का चेंडा मेलम और ओडिशा का दुलदुली नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।

तीन दिवसीय नगाड़ा उत्सव के माध्यम से देश के विभिन्न अंचलों की लोककला, पारंपरिक नृत्य और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से लोगों को रूबरू होने का अवसर मिलेगा।