कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन जारी है। इसी क्रम में नमो सेवा- अनकही कहानियां गतिविधि अंतर्गत शासकीय आदर्श कन्या महाविद्यालय श्योपुर की छात्राओं द्वारा बाल विवाह पर नुक्कड नाटक का मंचन किया गया। शहर के गुलम्बर स्थित हिंदी माता मंदिर के सामने आयोजित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बालिकाओं के बचपन में होने वाले विवाह के बाद उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर मंचन करते हुए लोगों को बाल विवाह के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इस नुक्कड नाटक में बताया गया है कि कम उम्र में विवाह होने पर बचपन में ही अनेक जिम्मेदारियां आ जाती है और बाल विवाह को रोकने के लिए बनाये गये कानून के तहत दोषियों को दण्ड मिलता है।

इस नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि बालिकाओं को भी पढ़ लिखकर आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया जाना चाहिए क्योंकि वह किसी पर बोझ नहीं होती हैं ओर न ही कोई परायी होती हैं। जैसी कि हमारे आम जनमानस में आम मान्यता है। आज बालिकाएं पढ़ लिखकर अपना कैरियर बना रही है और अपने परिवार को स्वयं सशक्त बनकर सशक्त भी बना रही है। इस नुक्कड़ नाटक में महाविद्यालय की छात्राओं नम्रता चौहान, आयुषी भदौरिया, राजकुमारी अकोदिया, स्नेहा वाल्मीक, सोनम नामदेव वंशिका जैन, खुशी पाण्डे, मनीषा गुप्ता ने मुख्य भूमिकायें की। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर श्री शिवलाल शाक्य, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ ओपी शर्मा, नोडल अधिकारी डॉ परवीन वर्मा, डॉ खेमराज आर्य, सहायक प्राध्यापक श्री सुनील शर्मा उपस्थित रहे।