मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा तुलसी शोध संस्थान चित्रकूट के समन्वय से शरद पूर्णिमा के अवसर पर तीन दिवसीय शरदोत्सव का आयोजन 25 से 27 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन चित्रकूट स्थित उद्यमिता विद्यापीठ दीनदयाल परिसर में होगा। उत्सव में विभिन्न क्षेत्रों के आमंत्रित कलाकार भक्ति गायन, नृत्य एवं संगीत की प्रस्तुतियां देंगे। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सतना डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा जारी आदेश के अनुसार शरदोत्सव के सफल आयोजन के लिए सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सपना त्रिपाठी को नोडल अधिकारी तथा मझगवां के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) महिपाल सिंह गुर्जर को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। दोनों अधिकारियों को कार्यक्रम से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शरदोत्सव के दूसरे दिन 26 अक्टूबर को पुरी के अभिनयना डांस अकादमी द्वारा श्रीकृष्ण बाल लीला की प्रस्तुति तथा अहमदाबाद की आशा वैष्णव द्वारा भक्ति गायन की प्रस्तुति दी जायेगी। 27 अक्टूबर को मुंबई के श्रीराम अय्यर द्वारा भक्ति सुगम गायन तथा शासकीय संगीत महाविद्यालय मैहर के मैहर वाद्यवृंद द्वारा सांस्कृतिक एवं संगीत प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
चित्रकूट में 27 अक्टूबर तक होगा तीन दिवसीय शरदोत्सव
भक्ति गायन और मैहर वाद्यवृंद की प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण
बिंदास भारत डेस्क · 25 अक्टूबर 2026 · 2 मिनट