मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने सांची विकासखंड के ग्राम गुदरई स्थित शासकीय स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उनकी पढ़ाई-लिखाई के संबंध में जानकारी ली। बच्चों ने पुष्प भेंट कर कलेक्टर श्री सिसोनिया का आत्मीय स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिसोनिया ने बच्चों से पाठ्यपुस्तकों के पाठ पढ़वाए और उनमें से प्रश्न पूछे। उन्होंने विद्यार्थियों से ब्लैकबोर्ड पर गणित के सवाल हल करवाकर उनकी शैक्षणिक समझ का आकलन किया। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए पढ़ाई में रुचि रखने और नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने शिक्षण गतिविधियों का जायजा लेते हुए बच्चों के सीखने के स्तर की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा विद्यार्थियों की बुनियादी दक्षताओं को मजबूत बनाने के निर्देश शिक्षकों को दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना और उनका आत्मविश्वास बढ़ाना आवश्यक है, ताकि वे अपनी प्रतिभा और क्षमताओं का पूरा विकास कर सकें। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी भी साथ रहे।