जिले में नदीय समृद्धि योजना के अंतर्गत नदियों के गहरे दहों में मत्स्य बीज संचयन कार्यक्रम 16 नवंबर से प्रारंभ किया गया है। इस पहल का उद्देश्य नदियों में मछलियों की प्राकृतिक उपलब्धता एवं मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के साथ जलीय जैव विविधता का संरक्षण करना तथा स्थानीय मछुआ समुदाय की आजीविका और आय के स्रोतों को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत जमुनिया, मुआर, जमुनिया स्थित नर्मदा, शहन, माझा एवं शक्कर नदियों के उपयुक्त गहरे दहों में मत्स्य बीज संचयन किया जाएगा। इसमें कतला, रोहू, मृगल सहित अन्य उपयुक्त मत्स्य प्रजातियों के बीज का संचयन किया जा रहा है।
नदियों के गहरे दहों में मत्स्य बीज संचयन से मछलियों की संख्या एवं प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों में वृद्धि होने की उम्मीद है। इससे जलीय जीवों के संरक्षण, नदी के पारिस्थितिकी तंत्र का संतुलन बनाए रखने तथा मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। इस पहल से स्थानीय मछुआरों को भविष्य में बेहतर आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी। कार्यक्रम में संयुक्त संचालक मत्स्योद्योग श्री गिरीश कुमार मेश्राम, सहायक संचालक मत्स्योद्योग श्रीमती बबीता चौरसिया, सहायक मत्स्य उद्योग अधिकारी श्री ऋषि ओम तिवारी एवं मत्स्य निरीक्षक श्री डी.के. कोरी सहित स्थानीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
