सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा जनजागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, वित्तीय साक्षरता, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति तथा युवाओं को कैरियर एवं उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया। पॉलीटेक्निक कॉलेज में कैरियर एवं उद्यमिता काउंसलिंग
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र नरसिंहपुर द्वारा शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय नरसिंहपुर में विद्यार्थियों के लिए कैरियर एवं उद्यमिता काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को स्वरोजगार, उद्यमिता एवं उद्योग स्थापना के अवसरों की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, एमएसएमई प्रोत्साहन योजना एवं स्टार्टअप नीति-2025 के तहत उपलब्ध ऋण एवं प्रोत्साहन सुविधाओं तथा उद्योग स्थापना की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं कौशल के अनुरूप कैरियर विकल्प चुनने तथा रोजगार प्राप्त करने के साथ रोजगार प्रदाता बनने के लिए प्रेरित किया गया।
वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज नरसिंहपुर में वित्तीय साक्षरता, साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अग्रणी जिला प्रबंधक श्री विकास पवार ने विद्यार्थियों को सुरक्षित बैंकिंग एवं डिजिटल वित्तीय लेन-देन के संबंध में जानकारी दी। ओटीपी, पिन, सीवीवी, एटीएम एवं डेबिट कार्ड से संबंधित सावधानियों तथा बैंकिंग पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा अनजान कॉल, एसएमएस एवं सोशल मीडिया संदेशों से सावधान रहने की जानकारी दी गई। साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के बारे में भी बताया गया।
तेंदूखेड़ा में नुक्कड़ नाटक से नशामुक्ति एवं साइबर अपराध के प्रति किया जागरूक
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत "नमो सेवा- कहानी अनकही" के तहत तेंदूखेड़ा क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। तेंदूखेड़ा महाविद्यालय, पुराना बस स्टेंड एवं नया बस स्टेंड में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशामुक्ति एवं साइबर अपराध से बचाव का संदेश दिया गया। प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों एवं साइबर अपराध से होने वाले नुकसान को प्रभावी ढंग से दर्शाते हुए विद्यार्थियों, नवयुवकों एवं आमजन को इससे दूर रहने तथा सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।
लोक निर्माण विभाग ने रेस्ट हाउस झोतेश्वर में किया पौधारोपण
पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली संवर्धन के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग द्वारा रेस्ट हाउस झोतेश्वर परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन एवं अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण के लिए आवश्यक प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
करेली में श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
नगर पालिका परिषद करेली द्वारा निरंजन वार्ड स्थित शारदा मंदिर से चाचा दाल मिल तक श्रमदान किया गया। इस दौरान क्षेत्र में साफ-सफाई की गई। नागरिकों को अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
तेंदूखेड़ा एवं पलोहा बड़ा में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया जागरूक
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संगठन माय भारत नरसिंहपुर के तत्वाधान में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सरस्वती शिशु मंदिर तेंदूखेड़ा तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पलोहा बड़ा में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, कचरे का उचित प्रबंधन करने तथा पौधरोपण के साथ पौधों की सुरक्षा के लिए प्रेरित किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, विद्यार्थी, माय भारत वॉलेंटियर्स एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।