म न में कुछ कर गुजरने की दृढ़ इच्छाशक्ति हो और मेहनत के साथ सही दिशा में प्रयास किया जाए, तो कठिन से कठिन परिस्थितियां भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं। नर्मदापुरम जिले के युवा तिनेश्वर सिंह ने भी अपनी मेहनत, लगन और शासन की कल्याणकारी योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार स्थापित किया और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया है।

तिनेश्वर सिंह ने संत रविदास स्वरोजगार योजना के माध्यम से 22 लाख 50 हजार रुपये की ऋण राशि प्राप्त कर ग्रेनाइट एवं बिल्डिंग मटेरियल का व्यवसाय स्थापित किया। व्यवसाय शुरू होने के बाद उन्होंने न केवल स्वयं के लिए रोजगार का सृजन किया, बल्कि अन्य युवाओं को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में योगदान दिया है।

तिनेश्वर सिंह ने बताया कि व्यवसाय शुरू करने के लिए पूंजी की आवश्यकता थी। ऐसे में संत रविदास स्वरोजगार योजना उनके लिए महत्वपूर्ण माध्यम बनी। योजना के अंतर्गत मिली ऋण सहायता से उन्होंने अपने व्यवसाय को स्थापित किया और उसे आगे बढ़ाने में सफलता प्राप्त की। उन्होंने कहा कि योजना से उन्हें अपने व्यवसाय को गति देने में बड़ा सहयोग मिला है।

संत रविदास स्वरोजगार योजना मध्यप्रदेश शासन द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत विनिर्माण इकाइयों के लिए 1 लाख से 50 लाख रुपये तथा सेवा एवं खुदरा व्यापार परियोजनाओं के लिए 1 लाख से 25 लाख रुपये तक ऋण उपलब्ध कराया जाता है।

तिनेश्वर सिंह ने कहा कि शासन द्वारा संचालित स्वरोजगारपरक योजनाएं युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने और स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का अवसर प्रदान कर रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

तिनेश्वर सिंह की सफलता यह दर्शाती है कि शासन की योजनाओं का लाभ लेकर युवा अपनी उद्यमशीलता और मेहनत के माध्यम से न केवल स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकते हैं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकते हैं।