जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार, अप्रेंटिसशिप एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय, मुरैना द्वारा 27 अक्टूबर 2026 को एक दिवसीय युवा संगम (रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला) आयोजित किया जाएगा। मेला शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), जरेरुआ के पास, ए.बी. रोड, मुरैना में प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।
जिला रोजगार अधिकारी, मुरैना ने बताया कि मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा अपनी रिक्तियों के अनुरूप पात्र युवाओं का चयन किया जाएगा। इसके साथ ही जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, मुरैना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ऋण प्रकरण तैयार करने तथा ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया संबंधी मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। मेले के माध्यम से युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
मेले में वर्धमान फैब्रिक प्राइवेट लिमिटेड, बुधनी (मध्यप्रदेश) द्वारा मशीन ऑपरेटर के पदों पर आठवीं, दसवीं एवं बारहवीं उत्तीर्ण, 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को चयन का अवसर दिया जाएगा। इन पदों पर प्रारंभिक वेतन 12,500 से 18,000 रुपये तक निर्धारित है।
जॉबकेयर नाउ प्राइवेट लिमिटेड, ग्वालियर द्वारा डिप्टी मैनेजर के पद के लिए बी.कॉम (स्पेशल) में स्नातक युवाओं का चयन किया जाएगा। इस पद के लिए आयु सीमा 21 से 28 वर्ष तथा वार्षिक वेतन पैकेज 4 लाख रुपये निर्धारित है।
न्यू मैक्स स्किल एवं मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड, हिमाचल प्रदेश एवं पंजाब द्वारा मशीन ऑपरेटर के पदों के लिए दसवीं, बारहवीं, आईटीआई एवं बी.टेक योग्यताधारी 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को अवसर दिया जाएगा। इन पदों पर 14,000 से 25,000 रुपये तक मासिक वेतन निर्धारित है।
इसी प्रकार, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, मुरैना द्वारा बीमा अभिकर्ता के पदों पर दसवीं, बारहवीं उत्तीर्ण एवं स्नातक युवाओं को अवसर प्रदान किया जाएगा। इस पद पर 7,000 रुपये के साथ अतिरिक्त कमीशन का प्रावधान है। वहीं, ब्राट बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड, अहमदाबाद द्वारा सेल्स एग्जीक्यूटिव के पदों के लिए दसवीं, बारहवीं एवं स्नातक योग्यताधारी 18 से 36 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का चयन किया जाएगा। इस पद के लिए 16,500 रुपये प्रतिमाह वेतन निर्धारित है।
जिला रोजगार अधिकारी ने इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने समग्र आईडी, रोजगार पंजीयन, शैक्षणिक योग्यता संबंधी प्रमाण-पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रोजगार मेले में सहभागिता करें। मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।