प्रदेश को पोलियो मुक्त हुए 15 वर्ष से अधिक समय हो चुका है, लेकिन विश्व के कुछ देशों में वाइल्ड पोलियो वायरस का संक्रमण अभी भी विद्यमान है। भविष्य में पोलियो वायरस के पुनः संक्रमण की आशंका को देखते हुए बच्चों में पोलियो के प्रति प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने के उद्देश्य से भारत शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का अतिरिक्त चरण 22 से 24 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती ने बताया कि अभियान के प्रथम दिवस 22 नवंबर को पोलियो रविवार के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन जिले के निर्धारित पोलियो बूथों पर प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई जाएगी। इसके पश्चात 23 एवं 24 नवंबर को गठित टीमें घर-घर भ्रमण कर बूथ पर दवा पीने से छूटे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर आच्छादित करेंगी।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार परते ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। राज्य शासन द्वारा जिले में कुल 1,45,592 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1,284 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें 277 बी-टाइप एवं 1,007 सी-टाइप टीमें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 77 ट्रांजिट बूथ एवं 16 मोबाइल टीमें भी गठित की गई हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे 22 नवंबर को पोलियो रविवार के दिन अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं। अभियान के दौरान घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भी सहयोग प्रदान करें, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।