जिले के दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण, कैलिपर्स एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के लिए 16 से 26 नवंबर 2026 तक विभिन्न विकासखंडों में परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। भारत सरकार की एडिप योजना के अंतर्गत एलिम्को जबलपुर के माध्यम से आयोजित इन शिविरों में पात्र दिव्यांगजनों का परीक्षण कर आवश्यक उपकरणों के लिए चयन किया जाएगा।
शिविरों में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, वॉकर, चलने की छड़ी, बौद्धिक दिव्यांगता किट, सुगम्य केन सहित अन्य सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराने के लिए पात्रता का निर्धारण किया जाएगा।
शिविरों का निर्धारित कार्यक्रमानुसार 16 नवंबर को जनपद पंचायत निवास, 17 नवंबर को जनपद पंचायत मवई, 18 नवंबर को जनपद पंचायत नारायणगंज, 19 नवंबर को जनपद पंचायत मोहगांव, 20 नवंबर को ए.एन.एम. ट्रेनिंग सेंटर मंडला (नगर पालिका मंडला, जनपद पंचायत मंडला एवं नगर पालिका बम्हनी बंजर के दिव्यांगजन भी शामिल होंगे), 21 नवंबर को जनपद पंचायत नैनपुर, 23 नवंबर को जनपद पंचायत बिछिया, 25 नवंबर को जनपद पंचायत घुघरी तथा 26 नवंबर को जनपद पंचायत बीजाडांडी, सभी शिविर सुबह 10 ः 30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होंगे।
परीक्षण के लिए दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र अथवा बीपीएल राशन कार्ड, मूल निवासी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, समग्र आईडी तथा दिव्यांगता दर्शाते हुए पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाना अनिवार्य है।
सामान्य सहायक उपकरणों के लिए यूडीआईडी कार्ड में 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता तथा मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल के लिए 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता होना आवश्यक है। इसके साथ मासिक आय 22 हजार 500 रुपये या उससे कम अथवा बीपीएल राशन कार्ड होना जरूरी है।
योजना के तहत जिन दिव्यांगजनों ने पिछले तीन वर्षों में किसी भी स्त्रोत से सामान्य सहायक उपकरण प्राप्त नहीं किए हैं, वे पात्र होंगे। मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल एवं स्मार्ट फोन के लिए यह अवधि पांच वर्ष निर्धारित है।
उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यालय, जिला मंडला द्वारा पात्र दिव्यांगजनों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुँचकर परीक्षण कराएं और योजना का लाभ उठाएं। शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को दिए गए हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7987345790 पर संपर्क किया जा सकता है।