मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग भोपाल के निर्देशानुसार जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में चिन्हित सेवा गतिविधि “फिट इंडिया खेल सत्र” के तहत 02 अक्टूबर 2026 को स्वच्छता साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा।

स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा नागरिकों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित साइकिल रैली प्रातः 07 बजे कलेक्टर कार्यालय झाबुआ से प्रारंभ होगी।

रैली कलेक्टर कार्यालय से प्रारंभ होकर राजगढ़ नाका, गोपाल कॉलोनी, कॉलेज रोड, राजवाड़ा चौक, सांदीपनी विद्यालय रोड, बस स्टैंड, जेल चौराहा, दिलीप गेट एवं मेघनगर नाका से होते हुए रंगपुरा स्थित अनास नदी घाट पहुंचेगी, जहां रैली का समापन होगा।

साइकिल रैली के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के साथ नियमित शारीरिक गतिविधियों एवं साइकिलिंग को अपनाकर स्वस्थ रहने का संदेश दिया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना है।