राज्य शासन के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस योजना के अन्तर्गत पात्र अभ्यार्थियों से ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित किये गये है।

सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण आशीष दीक्षित के अनुसार इस योजना का उद्देश्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में उच्च अध्ययन के अवसर उपलब्ध कराना तथा आर्थिक परिस्थितियों के कारण उनकी शैक्षणिक प्रगति में आने वाली बाधाओं को कम करना है। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को विदेश में पढ़ाई के लिये छात्रवृत्ति का लाभ मिल सकेगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कुल 50 निर्धारित सीटों पर पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

श्री दीक्षित ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी विभाग के अधिकारिक पोर्टल URL https:// mpom.mp.gov.in पर जाकर ऑनलाईन आवेदन कर सकते है।योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, चयन के मापदंड और अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी भी इसी पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा चयन प्रक्रिया को अलग-अलग चरणों में संचालित करने का निर्णय लिया गया है। एक माह तक प्राप्त होने वाले आवेदनों को फ्रीज कर प्रथम चरण में उनकी जांच और चयन प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। एक माह की अवधि समाप्त होने पर पोर्टल को एक दिन के लिए अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण के लिए आवेदन प्रक्रिया पुनः शुरू की जाएगी। दूसरे चरण में प्राप्त आवेदनों पर तभी विचार किया जाएगा, जब पहले चरण की नियमानुसार चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित सीटें रिक्त रह जाती हैं।