सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास परियोजना क्रमांक-06 द्वारा आज आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-83 में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्री अशोक रोहाणी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश के वाचन और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के वीडियो संदेश के प्रदर्शन से हुई। इसके बाद विधायक श्री रोहाणी ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के हितग्राहियों से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से योजनाओं के माध्यम से मिल रहे लाभों की जानकारी ली और उनकी समस्याएं भी सुनीं।
इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्र में मौजूद बच्चों को फल और मिठाई वितरित की गई। लाड़ली लक्ष्मी योजना के पात्र हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को उनके समर्पित कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय पदाधिकारियों के साथ बाल विकास परियोजना क्रमांक-06 की परियोजना अधिकारी दीपशिखा विश्वकर्मा, पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।