इंदौर जिले की ग्राम पंचायत राजपुरा कुटी में शुक्रवार को आयोजित विशेष शिविर में 10 महिला स्वयं सहायता समूहों को कुल 61 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत लगे शिविर में ग्रामीणों की शिकायतें सुनी गईं और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ भी प्रदान किए गए।
कलेक्टर शिवम वर्मा और विधायक उषा ठाकुर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव था, उनका मौके पर निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के लिए संबंधित विभागों को समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
लखपति दीदियों और नव उद्यमियों ने बताए अनुभव
उद्यम संवाद में क्षेत्र के नव उद्यमियों ने अपने उत्पादों और सरकारी योजनाओं से मिले सहयोग की जानकारी साझा की। स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों ने भी समूह से जुड़ने और ‘लखपति दीदी’ बनने तक की अपनी यात्रा के बारे में बताया।
कलेक्टर ने कहा कि नव उद्यमियों और लखपति दीदियों के उत्पादों के विपणन में प्रशासन सहयोग करेगा। उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की बात भी कही गई।
गांवों में सरकारी संस्थाओं की व्यवस्थाएं देखीं
अधिकारियों के दल ने राजपुरा कुटी, हासलपुर, अंबाड़ा, जाफराबाद, कांकरिया, दुर्जनपुरा, रामपुरिया खुर्द, नाहरखेड़ी, गोकलिया कुंड और कालीकिराय सहित आसपास के गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान अस्पताल, उचित मूल्य दुकान, आंगनबाड़ी केंद्र और सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
हासलपुर के मुक्तिधाम में स्वच्छता अभियान के तहत श्रमदान और पौधरोपण किया गया। दल ने आयुष्मान आरोग्य केंद्र की सुविधाओं की जानकारी ली और मध्यान्ह भोजन योजना के किचन शेड का उद्घाटन भी किया।
मिट्टी परीक्षण शिविर लगाने के निर्देश
राजपुरा कुटी और आसपास के गांवों के किसानों के लिए विशेष मिट्टी परीक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षण के आधार पर किसानों को फसल और उर्वरक प्रबंधन की जानकारी उपलब्ध कराने की योजना है।
शिविर में गंभीर और चंबल नदियों के पुनर्जीवन के लिए कार्य किए जाने की जानकारी भी दी गई। जानापाव में मुख्यमंत्री जन विश्वास वाटिका के विकास की शुरुआत करते हुए कलेक्टर और विधायक ने पौधरोपण किया।
