इंदौर जिले के ग्राम कलारिया में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और GEN-Z युवाओं के लिए स्वास्थ्य जांच से लेकर खेल एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक कई गतिविधियां आयोजित की गईं। सेवा संकल्प अभियान के तहत हुए ‘नमो युवा शक्ति’ कार्यक्रम में ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी 250 से अधिक महिलाएं शामिल हुईं।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं और युवाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, संस्कृति तथा सामाजिक सहभागिता से जोड़ना था। आयोजन में ग्रामीणजन, स्थानीय जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों का अमला भी उपस्थित रहा।
स्वास्थ्य जांच के साथ खेल प्रतियोगिताएं
स्वास्थ्य शिविर में प्रतिभागियों की आवश्यक जांच की गई और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। युवाओं के लिए क्विज और चेयर रेस रखी गई, जबकि महिलाओं ने चेयर रेस तथा नींबू-चम्मच दौड़ सहित अन्य गतिविधियों में भाग लिया।
भजन-कीर्तन और एकल प्रस्तुतियां
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भजन और कीर्तन प्रस्तुत किए। युवाओं ने एकल प्रस्तुतियों के जरिए अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार व प्रोत्साहन सामग्री दी गई।
नदी घाट पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में महिलाओं ने ‘आशीर्वाद का दिया’ प्रज्वलित किया। कार्यक्रम में सामुदायिक एकता, सकारात्मक सोच, सामाजिक भागीदारी और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
आयोजन कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में किया गया। सहायक जिला प्रबंधक प्रशिक्षण रेणुका भार्गव, विकासखंड प्रबंधक माधवी तेजवानी और विकासखंड इंदौर की टीम ने आयोजन में भूमिका निभाई।
