जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), धार में राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा परियोजना अंतर्गत जिला स्तरीय लोक नृत्य एवं रोल प्ले प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डाइट धार के प्राचार्य श्री मनोज कुमार शुक्ला ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर डाइट की छात्राओं ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ व्याख्याता श्री ठाकुर लाल मालवीय ने स्वागत भाषण देते हुए प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत की। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य श्री मनोज कुमार शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में केवल प्रथम स्थान प्राप्त करने की दौड़ के बजाय निरंतर प्रयास, सहभागिता एवं अपनी क्षमताओं के विकास पर अधिक बल दिया जाना चाहिए। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। प्रतियोगिता में विभिन्न कस्तूरबा गांधी कन्या विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लोक नृत्य प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी कन्या विद्यालय धरावरा ने प्रथम, ज्ञानपुरा ने द्वितीय एवं जीराबाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं रोल प्ले प्रतियोगिता में धरावरा प्रथम, जीराबाद द्वितीय तथा ज्ञानपुरा तृतीय स्थान पर रहा। इस प्रकार धरावरा विद्यालय ने दोनों विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को शील्ड एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही छात्रावास अधीक्षक एवं सहायक अधीक्षक के रूप में अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन करने वाली श्रीमती शर्मिला ठाकुर, श्रीमती साधना त्रिपाठी, श्रीमती संध्या यादव, श्रीमती निर्मला राठौर सहित अन्य संबंधित कर्मचारियों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री रामगोपाल शर्मा ‘गुरुजी’ ने किया तथा आभार प्रदर्शन डाइट धार के वरिष्ठ व्याख्याता श्री कमल सिंह ठाकुर ने किया।
डाइट धार में जिला स्तरीय लोक नृत्य एवं रोल प्ले प्रतियोगिता आयोजितकस्तूरबा गांधी कन्या विद्यालय धरावरा ने दोनों विधाओं में प्राप्त किया प्रथम स्थान, प्रतिभागियों को किया सम्मानित
बिंदास भारत डेस्क · 4 नवंबर 2026 · 3 मिनट
