बाल दिवस के अवसर पर गत दिवस जिला जेल छिंदवाड़ा में परिरुद्ध बंदी माता-पिता और उनके 04 से 10 वर्ष तक के बच्चों के बीच विशेष खुली मुलाकात ‘स्पर्श मुलाकात’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सुशांत हुद्दार ने किया। इस अवसर पर प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री संकर्षण प्रसाद पाण्डेय तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री विपेन्द्र सिंह यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।

आयोजित स्पर्श मुलाकात में कुल 117 बंदियों ( 110 पुरुष एवं 07 महिला) से 200 बच्चों को मुलाकात कराई गई। इस दौरान बच्चों को अच्छा इंसान बनने की सीख दी गई। सामाजिक सहयोग से बच्चों के भोजन की व्यवस्था की गई तथा उपहार स्वरूप उन्हें पेन और पेंसिल वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जिला विधिक सेवा अधिकारी श्री सोमनाथ राय एवं सहयोगी स्टॉफ, सर्वोदय अहिंसा के प्रदेश संयोजक श्री दीपक राज जैन, जेल अधीक्षक श्री प्रतीक कुमार जैन, जेल उप अधीक्षक श्री ज्ञानांशु भारतीय एवं जेल स्टॉफ उपस्थित था। सभी बच्चों को पूर्ण सुरक्षा एवं सतर्कता के साथ खुली मुलाकात कराई गई। इस दौरान जेल के समस्त स्टॉफ ने सक्रिय सहभागिता निभाई।