आधार की अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट ( Mandatory Biometric Update–MBU ) अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में छिंदवाड़ा जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले ने अक्टूबर 2026 में मध्यप्रदेश के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 5 जिलों में अपना स्थान बनाया है। यह उपलब्धि अभियान के प्रति गंभीरता, बेहतर विभागीय समन्वय और विद्यार्थियों तक आधार अपडेट की सुविधा पहुंचाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
UIDAI ने कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन को प्रशस्ति पत्र भेजकर की सराहना - भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ( UIDAI ), मध्यप्रदेश के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा 12 नवंबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन को अक्टूबर माह में आधार की अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट अभियान में छिंदवाड़ा जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र भेजा गया है। पत्र में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर के मार्गदर्शन तथा स्कूल शिक्षा विभाग एवं जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी ( DEGS ) द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की गई है। जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन को अभियान के सफल संचालन और विभागीय समन्वय का सकारात्मक परिणाम बताया गया है।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में विभागों के समन्वित प्रयासों से मिली सफलता - यह उपलब्धि कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन, सतत मॉनिटरिंग एवं प्रभावी नेतृत्व तथा स्कूल शिक्षा विभाग, जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी ( DEGS ), संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मैदानी अमले के समन्वित प्रयासों से संभव हुई है। अभियान के क्रियान्वयन में विभागों के बीच बेहतर तालमेल, नियमित निगरानी तथा पात्र विद्यार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
विद्यार्थियों के आधार प्रमाणीकरण को सुगम बनाना अभियान का उद्देश्य - अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट अभियान का मुख्य उद्देश्य निर्धारित आयु पूरी करने वाले विद्यार्थियों के आधार में बायोमेट्रिक जानकारी को समय पर अपडेट कराना है। इससे आधार आधारित प्रमाणीकरण एवं विभिन्न सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में विद्यार्थियों को भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। समय पर बायोमेट्रिक अपडेट होने से आधार की विश्वसनीयता एवं उपयोगिता भी सुनिश्चित होती है।
आगे भी जारी रहेंगे बेहतर प्रदर्शन के प्रयास - जिले में अभियान के अंतर्गत बेहतर प्रदर्शन की निरंतरता बनाए रखने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। संबंधित विभागों द्वारा आपसी समन्वय के साथ अभियान की गति बनाए रखने तथा पात्र विद्यार्थियों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
छिंदवाड़ा जिले की यह उपलब्धि कलेक्टर के मार्गदर्शन, विभागीय सहभागिता और मैदानी स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है।
