भोपाल जिले के फंदा विकासखंड की सरिता कुशवाह ने मसाला और कच्ची घानी तेल बनाने के अपने हुनर को आधुनिक प्रसंस्करण इकाई में बदल दिया है। 14 लाख रुपये के बैंक ऋण और योजना के तहत मिले 35 प्रतिशत अनुदान की मदद से बढ़े इस कारोबार ने तीन स्थानीय युवाओं के लिए भी रोजगार तैयार किया है।
सरिता पहले सीमित संसाधनों के साथ छोटे स्तर पर काम करती थीं। उस समय कारोबार से उनकी मासिक आमदनी करीब 8 से 10 हजार रुपये थी, लेकिन पूंजी की कमी के कारण वे आधुनिक मशीनें नहीं खरीद पा रही थीं।
पीएमएफएमई योजना से मिला वित्तीय आधार
उद्यानिकी विभाग, जिला भोपाल से प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना की जानकारी मिलने के बाद सरिता ने व्यवसाय विस्तार के लिए आवेदन किया। वर्ष 2025-26 में यूको बैंक, भोपाल ने 14 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया और योजना के अंतर्गत ऋण राशि पर 35 प्रतिशत अनुदान मिला।
इस राशि से इकाई में कोल्ड प्रेस ऑयल मशीन, ऑयल फिल्टर मशीन, मसाला पल्वराइजर और ऑटोमेटिक पैकेजिंग मशीन लगाई गईं। मशीनों के उपयोग से उत्पादन क्षमता बढ़ी और उत्पादों की स्वच्छता, गुणवत्ता तथा पैकेजिंग में सुधार हुआ।
‘मनोज मसाला एवं ऑयल’ नाम से बनाई पहचान
सरिता ने अपने उत्पादों को ‘मनोज मसाला एवं ऑयल’ नाम से स्थानीय बाजार में उतारा। बेहतर पैकेजिंग के साथ कारोबार का दायरा बढ़ा और ब्रांड को स्थानीय पहचान मिलने लगी।
अब व्यावसायिक खर्च और बैंक ऋण की किस्त चुकाने के बाद सरिता को हर महीने करीब 70 से 80 हजार रुपये का शुद्ध मुनाफा हो रहा है। इकाई के विस्तार के बाद उन्होंने तीन युवाओं को रोजगार भी दिया है।
सरिता के अनुसार, योजना से मिली वित्तीय सहायता तथा जिला प्रशासन, उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण विभाग के मार्गदर्शन ने व्यवसाय को विस्तार देने में मदद की। उनका उद्यम अब उनके परिवार के साथ तीन अन्य युवाओं की आजीविका से भी जुड़ गया है।
