बड़वानी में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने घर-परिवार की जिम्मेदारियों से आगे बढ़कर आर्थिक रूप से सक्षम बनने तक के अपने अनुभव एक-दूसरे से साझा किए। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला पंचायत ने 18 सितंबर को ‘नमो युवा शक्ति’ कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, संस्कृति और सामाजिक सहभागिता से जोड़ते हुए उनकी प्रतिभा तथा रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना था।
‘लखपति दीदी’ बनने की यात्रा सुनाई
जिला परियोजना प्रबंधक अनुराधा पाटीदार ने बताया कि समूह की महिलाओं ने सामान्य गृहिणी से ‘लखपति दीदी’ बनने तक की अपनी यात्रा साझा की। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों (सीआरपी) और समूह सदस्यों को सम्मानित किया गया।
खेलकूद गतिविधियों में भी भागीदारी
महिलाओं के लिए रस्साकशी और चेयर रेस जैसी प्रतियोगिताएं रखी गईं। कार्यक्रम में युवाओं और महिलाओं के लिए अन्य रचनात्मक, सामाजिक तथा सामुदायिक गतिविधियां भी हुईं और अतिथियों ने गुब्बारे छोड़े।
जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल की अध्यक्षता में हुए आयोजन में उपाध्यक्ष सुमन वर्मा, जनपद पंचायत बड़वानी अध्यक्ष प्रतिनिधि पप्पू केवजा पटेल, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि भूपेंद्र गोयल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्पित गुप्ता उपस्थित रहे। संचालन जिला वित्त प्रबंधक गणेश कुशवाह ने किया और आजीविका मिशन का स्टाफ भी शामिल हुआ।
