अनूपपुर के समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्र में नारी आजीविका महोत्सव ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को अपनी प्रतिभा और अनुभव सामने रखने का अवसर दिया। नमो युवा शक्ति कार्यक्रम के साथ हुए आयोजन में खेल, रंगोली और संवाद के जरिए आत्मनिर्भरता तथा महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया गया।
मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आयोजित कार्यक्रम में संगठन, कौशल, शिक्षा, नई सोच और नवाचार पर केंद्रित गतिविधियां रखी गईं। जिला परियोजना प्रबंधक शशांक प्रताप ने इन पांच विषयों को आयोजन के प्रमुख स्तंभ बताया।
समूह से जुड़कर आए बदलाव बताए
स्व-सहायता समूह की सदस्य फूलबाई, रामबाई, पूजा और आरती कोल ने अपने अनुभव प्रतिभागियों के साथ साझा किए। उन्होंने बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उनके आत्मविश्वास, आजीविका और सामाजिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती राठौर ने प्रतिभागियों को जेंडर समानता और नशामुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का शुभारंभ उनके साथ जिला पंचायत सदस्य भारती केवट और पूर्णिमा सिंह की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।
खेल और रंगोली में दिखाई भागीदारी
महोत्सव में रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, पहेली, रंगोली और अन्य मनोरंजक खेल कराए गए। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
आयोजन में जीवन ज्योति, एकता और सहारा संकुल संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, सीआरपी दीदियां और स्व-सहायता समूह की सदस्य शामिल हुईं। कार्यक्रम की अवधारणा जिला प्रबंधक अंजू द्विवेदी ने प्रस्तुत की, जबकि समापन पर जिला प्रबंधक दीपक मोदनवाल ने आभार जताया।
